कोसी नाऊ,मधेपुरा। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने हेतु शुक्रवार को आलमनगर प्रखंड के कलाभवन में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वीप (SVEEP) कोषांग तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो पटना, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के अपर महानिदेशक श्री एस . के मालवीय तथा विभाग प्रमुख कुमार सौरभ के दिशा निर्देश में, सीता सेवा सदन सराय पटना के पंजीकृत दल द्वारा किया गया। नुक्कड़ नाटक दल द्वारा प्रस्तुत नाटक में मतदान के महत्व, नैतिक मतदान, आचार संहिता का पालन एवं “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे संदेशों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नाटक के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। कलाकारों ने गीत, संगीत, संवाद और हास्य-प्रसंगों के माध्यम से मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित केंद्रीय संचार ब्यूरो पटना की नोडल अधिकारी डॉ शिप्रा कुमारी एवं जिला प्रशासन के कर्मियों ने बताया कि मतदान दिवस पर सभी मतदाताओं को सुगमता एवं सुविधा प्रदान करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। साथ ही युवा, महिला एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से विशेष रूप से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने भाग लिया और नाटक का आनंद लेते हुए मतदान करने का संकल्प लिया।नुक्कड़ नाटक का आयोजन कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से किया जा रहा है।


