कोसी नाऊ,मधेपुरा।
स्टेट जीएसटी की टीम ने बुधवार देर शाम पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी किया। छापेमारी से स्थानीय व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्टेट जीएसटी के जॉइंट कमिश्नर धर्मदेव कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सुरक्षा बल भी मौजूद थे। यह छापेमारी राज्य के निर्देश पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य जीएसटी भुगतान और लेनदेन की जाँच करना है।
स्टेट जीएसटी टीम ने पटाखा व्यवसाय से जुड़े सभी जीएसटी लेनदेन, खातों के अपडेशन और भुगतान की गहनता से जाँच की। जाँच के दौरान जिन कारोबारियों के रिकॉर्ड में अनियमितता पाई जाएगी, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज कर आयुक्त का संदेश
राज कर आयुक्त अश्वनी कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य के निर्देश पर की जा रही है और इसका मुख्य उद्देश्य कर चोरी पर लगाम लगाना है। उन्होंने व्यवसायियों से समय पर जीएसटी टैक्स जमा करने और अपने काम में पारदर्शिता बनाए रखने का अनुरोध किया।
छापेमारी के दौरान जॉइंट कमिश्नर धर्मदेव कुमार के साथ-साथ राज्य कर सहायक कमिश्नर संजीव कुमार भी मौजूद थे। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में यह जाँच देर शाम तक जारी रही। जिले में जीएसटी व्यवसायियों की संख्या
मालूम हो कि जिले में लगभग 12,000 सक्रिय जीएसटी व्यवसायी हैं। इस छापेमारी से अन्य व्यवसायियों के बीच भी हड़कंप का माहौल है और वे अपने लेनदेन को लेकर सतर्क हो गए हैं।
जाँच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितने कारोबारियों ने जीएसटी में गड़बड़ी की है और उन पर क्या कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की छापेमारी जीएसटी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।


