राज्य भर में 1000 विवाह मंडप का शिलान्यास एवं 829 पंचायत सरकार भवन का किया गया लोकार्पण
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया शिलान्यास
कोसी नाऊ, मधेपुरा। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधेपुरा जिला के लिए 59 विवाह मंडपों का शिलान्यास किया। कुल 24 पंचायत सरकार भवन का लोकार्पण एवं 5 पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य भर की कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री द्वारा पूरे राज्य के लिए 1870 करोड़ रूपए की लागत से 829 पंचायत सरकार भवनों का लोकार्पण तथा 1823 करोड रुपए की लागत से 663 पंचायत सरकार भवनों एवं 500 करोड़ लागत से बनने वाले 1000 विवाह मंडपों का शिलान्यास किया गया।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुए इस शिलान्यास उद्घाटन कार्यक्रम का लाईव प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में किया गया। इसमें मधेपुरा जिलान्तर्गत 24 पंचायत सरकार भवनों का का लोकार्पण तथा 5 पंचायत सरकार भवनों एवं 59 विवाह मंडपों का शिलान्यास भी शामिल हैं।वही आलमनगर एवं चौसा प्रखंड के 13924 किसानों को फसल क्षति के रूप में डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में 8 करोड़ 64 लाख 81 हजार रुपये की राशि भेजी गई।
इस कार्यक्रम में विधानसभा उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव ,विधायक निरंजन कुमार मेहता, चन्द्रहास चौपाल, जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी सहित कई जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह द्वारा उक्त योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उनके द्वारा बताया गया कि बिहार में सर्वाधिक 59 विवाह मंडप का शिलान्यास मधेपुरा जिलांतर्गत किया गया है। इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अनिल बसाक, सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।


