प्रवीर बनर्जी, मधेपुरा
जिला प्रशासन के स्वीप कोषांग के तहत बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड के तत्वावधान में शनिवार को भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। प्रभात फेरी रैली को बी.पी. मंडल चौक के समीप से जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी एवं स्वीप नोडल पदाधिकारी अनन्त कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) अंकिता दास, निदेशक डी.आर.डी.ए. सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बी.पी. मंडल चौक से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, भूपेंद्र चौक, अस्पताल, पानी टंकी चौक, थाना चौक, पूर्णिया गोला होते हुए कर्पूरी चौक के समीप जाकर संपन्न हुई।
इस रैली में शिवनंदन प्रसाद मंडल इंटर स्तरीय विद्यालय, रासबिहारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशव बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, टी.पी. कॉलेजिएट उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुरेंद्र मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय जगजीवन आश्रम, माया विद्या निकेतन, होली क्रॉस स्कूल सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली का संचालन जय कृष्ण यादव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त, भारत स्काउट और गाइड, मधेपुरा द्वारा किया गया।इस मौके पर स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं प्रभारीगण – अमलेश कुमार, प्रणय कुमार, जयनारायण पंडित, संतोष कुमार, माधव आनंद, अमित कुमार, राजेश नंदन, पंकज कुमार, पूर्णिमा प्रसून, श्रीकांत सुमन, रोशन कुमार, बेबी कुमारी, बबीता कुमारी, कुमार विक्रम यादव, अंशु माली, प्रदीप हजरा एवं अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रैली में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यालय के स्काउट एवं गाइड दल अपने-अपने बैंड दल, वाद्य यंत्र, बैनर एवं मतदाता जागरूकता स्लोगन के साथ उपस्थित हुए।
बैंड की गूंज और नारे – “लोकतंत्र को मजबूत बनाएं, मतदान अवश्य कराएं”, “सभी मतदान करें, देश का मान बढ़ाएं” – से पूरा शहर गूंज उठा।




