सारी तैयारियाँ पूरी, नेताजी सुभाष स्टेडियम से उठेगा खेलों का शंखनाद:सांसद प्रदीप सिंह
डॉ रुद्र किंकर वर्मा,अररिया।
अररिया जिले में खेल, जोश और जुनून का महाकुंभ सांसद खेल महोत्सव–2025 आज से शुरू हो रहा है। 22 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलने वाला यह चार दिवसीय आयोजन जिले के युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की नई ऊर्जा भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोजन को लेकर सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और जिले में उत्सव जैसा माहौल है।
*महोत्सव का उद्घाटन आज* नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया में भव्य समारोह के साथ होगा, जबकि समापन 25 दिसंबर को जूनियर स्कॉटिश पब्लिक स्कूल, अररिया में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन दिवस के अवसर पर किया जाएगा। यह संयोग आयोजन को और भी विशेष बनाता है।
चार दिवसीय खेल महोत्सव में जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन और हाफ मैराथन जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम इस प्रकार तय किया गया है—
22 दिसंबर को एथलेटिक्स और वॉलीबॉल,
23 दिसंबर को कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन,
24 दिसंबर को हाफ मैराथन, जो नेताजी सुभाष चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः नेताजी सुभाष चौक पर समाप्त होगी,
और 25 दिसंबर को पुरस्कार वितरण व समापन समारोह आयोजित होगा।
अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को आगे बढ़ने का मंच देगा और उनमें सकारात्मक सोच, एकता और समरसता को मजबूत करेगा। उन्होंने प्रशासन, आयोजन समिति, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, यह खेल महोत्सव अररिया की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। लोकल पार्टनर स्कॉटिश पब्लिक स्कूल और महालक्ष्मी ज्वैलर्स के सहयोग से आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की गई है।
आयोजन समिति ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और सांसद खेल महोत्सव–2025 को अररिया के खेल इतिहास का यादगार अध्याय बनाएं।
खेलेगा अररिया, जीतेगा अररिया—चार दिवसीय सांसद खेल महोत्सव–2025 का आज से आगाज़
Leave a Comment


