बुधवार की सुबह बुढ़ावे पुल के नीचे मिला था युवक का शव
सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो से परिजनों से किया पहचान
कोसी नाऊ सिंहेश्वर (मधेपुरा)
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिंहेश्वर – पीपरा मुख्य सड़क एनएच 106 पर स्थित बुढ़ावे पुल के नीचे बुधवार की सुबह बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान की गई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो के आधार पर शव की पहचान हुई। मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम क्षेत्र के शाहपुर वार्ड नंबर 7 निवासी आस्मित आनंद उर्फ़ विनित कुमार, पिता अभय कुमार यादव के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता अभय कुमार यादव ने बताया कि उनका पुत्र 17 नवंबर को मधेपुरा किसी कॉलेज में अपना सीएल सी निकालने के लिए घर से निकला था। उसके बाद से ही उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। इसी बीच बुधवार को सोशल मीडिया पर एक युवक के शव की फोटो देखी, जिसके बाद शक होने पर वे सिंहेश्वर थाना पहुंचे। शव को देखकर उन्होंने अपने पुत्र की पहचान की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के नीचे शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाए शुरू हो गई थीं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को नीचे फेंका गया। हालांकि पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण की पुष्टि हो सकेगी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और कॉल डिटेल्स सहित अन्य तकनीकी तथ्यों की भी जांच की जाएगी।


