– जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तहत भर्राही में आयोजित हुआ साइकिल रेस प्रतियोगिता
“मधेपुरा है तैयार — मतदान करेगा इस बार”
“अपनी सरकार चुनेगा बिहार, वोट करेगा बिहार”
कोसी नाऊ,मधेपुरा।
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग की साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों के साथ स्थानीय जनसमुदाय ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के साथ-साथ युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को आगामी बिहार विधान सभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित करना था। साइकिल रेस की थीम रही “स्वस्थ युवा, सजग मतदाता — लोकतंत्र का अभिमान हमारा”। कार्यक्रम का आयोजन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी तरन जोत सिंह के मार्गदर्शन में जिला उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा मधेपुरा एवं जिला स्वीप कोषांग के तत्वावधान में हुआ।
प्रतियोगिता के प्रारंभ से पहले स्वीप कोषांग के सदस्यों द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित स्लोगन, पोस्टर और बैनर के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने साइकिल पर “मतदान करें, भविष्य गढ़ें”, “हर वोट की है ताकत, करें मतदान निस्वार्थ भाव से” जैसे संदेशों के साथ पूरे भर्राही क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि खेल भावना और लोकतंत्र दोनों अनुशासन, भागीदारी और जागरूकता पर आधारित हैं। खेल के माध्यम से यदि मतदान का संदेश समाज तक पहुंचाया जाए, तो निश्चित ही मतदान प्रतिशत में सकारात्मक वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा , खेल प्रशिक्षक, प्रतिभागी छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया तथा सभी से आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की गई।


