कारतूसों का जखीरा बरामद, जीतू व अनिल की हुई गिरफ्तारी
कोसी नाऊ ब्यूरो,सुपौल :
नेपाल के सीमावर्ती इलाके से मंगलवार को दो हथियार तस्कर को 99 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड 12 निवासी जीतू भगत व वार्ड 13 निवासी अनिल कुमार के रुप में की गई।सुपौल जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी और बिहार पुलिस ने यह कारवाई की है।यह कार्रवाई चुनावी सतर्कता अभियान के तहत की गई। ताकि बार्डर क्षेत्र में अवैध हथियारों, नशीली पदार्थों और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
एसएसबी कमांडेंट गौरव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर एसएसबी और बिहार पुलिस की तीन टीम ने पैट्रोलिंग के दौरान भीमनगर थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बेलोनो कार को रोककर जांच की गई।जिसमें से 8 एमएम के 99 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। कमांडेंट ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और उनके बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है। ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनावी माहौल में हथियारों की तस्करी किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए बॉर्डर क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस का संयुक्त गश्ती अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अवैध हथियार, शराब और नशीली पदार्थ की तस्करी पर नकेल कसने के लिए नाइट पैट्रोलिंग और चेकिंग को और अधिक सख्त किया गया है। इसी कड़ी में सूचना पर एसएसबी के साथ मिलकर छापेमारी की गई, जिसके तहत कारतूसों की भारी खेप के साथ दो संदिग्धों को पकड़ा गया। एसडीपीओ ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और चुनावी माहौल को बिगाड़ने वाले तस्करों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना है।


